Next Story
Newszop

शिमला में 26 अप्रैल को कांग्रेस की 'संविधान बचाओ' रैली, भाजपा के प्रचार का देगी जवाब

Send Push

शिमला, 22 अप्रैल . देशभर में संविधान और डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म है. इसी बीच कांग्रेस ने भाजपा पर हमलावर रुख अपनाते हुए ‘संविधान बचाओ’ अभियान की घोषणा की है. इस अभियान की शुरुआत 26 अप्रैल को शिमला के ऐतिहासिक चौड़ा मैदान स्थित अंबेडकर चौक से राज्य स्तरीय रैली के रूप में होगी. कांग्रेस सरकार और संगठन इस रैली के ज़रिए भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे.

इस संबंध में मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने की. बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कैबिनेट मंत्री, विधायक, बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष समेत पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता शामिल हुए.

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि 26 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे आयोजित होने वाली यह रैली संविधान को बचाने और भाजपा के कथित जनविरोधी एजेंडे को बेनकाब करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है. उन्होंने बताया कि इस रैली में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सांसद रजनी पाटिल, सभी मंत्री, विधायक और पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे. रैली के बाद जिला और विधानसभा स्तर पर भी इसी तरह की रैलियों का आयोजन किया जाएगा जिनकी तिथियां बाद में घोषित की जाएंगी.

भाजपा के प्रचार पर कांग्रेस का पलटवार

बैठक में बोलते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री प्रदेश में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण और विकास परियोजनाओं को लेकर लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं. कांग्रेस सरकार बनने के बाद प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है.

सुक्खू ने पूर्व की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार के दौरान प्रदेश के हितों की अनदेखी की गई. बल्क ड्रग पार्क जैसी परियोजनाओं के नाम पर प्रदेश की संपदा का दोहन किया गया. कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद प्रदेश के संसाधनों की रक्षा की है और जनहित में योजनाएं लागू की हैं.

एकजुट होकर मुकाबला करेगी कांग्रेस: प्रतिभा सिंह

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी देशभर में 25 अप्रैल से 30 अप्रैल तक राज्य स्तर पर, 3 मई से 10 मई तक जिला स्तर पर और 11 से 17 मई तक विधानसभा स्तर पर ‘संविधान बचाओ’ रैलियों का आयोजन करेगी. इसके बाद 20 से 30 मई तक पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर भाजपा की नीतियों के खिलाफ जनसंपर्क अभियान चलाएंगे.

प्रतिभा सिंह ने कहा कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और उनके परिवार को झूठे मामलों में फंसाकर परेशान किया जा रहा है. यह भाजपा की तानाशाही प्रवृत्ति का उदाहरण है, जिसका कांग्रेस डटकर मुकाबला करेगी. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संसद और सड़क दोनों जगह संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं, और इस लड़ाई में सभी कांग्रेसजनों को एकजुट होकर उनका साथ देना चाहिए.

कांग्रेस की पूरी ताकत झोंकने का ऐलान

इस मौके पर पार्टी के प्रदेश मामलों के सह प्रभारी चेतन चौहान ने भी कहा कि चूंकि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है ऐसे में इस अभियान को हर स्तर पर प्रभावी और व्यापक बनाया जाना चाहिए. उन्होंने सभी नेताओं से पूर्ण सहयोग की अपील की.

—————

/ उज्जवल शर्मा

Loving Newspoint? Download the app now